सीतापुर बिसवां में हाईटेंशन लाइन से ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी आग ओवरहाइट भरी गन्ने की खोई जलकर राख, दमकल कर्मियों ने एक घंटे में बुझाई आग
सीतापुर बिसवां में हाईटेंशन लाइन से ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी आग
ओवरहाइट भरी गन्ने की खोई जलकर राख, दमकल कर्मियों ने एक घंटे में बुझाई आग
दैनिक मधुर इंडिया
जिला क्राइम रिपोर्टर
सी के जैन
सीतापुर के बिसवां नगर स्थित शुगर मिल के पास बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब गन्ने की खोई (बगास) से ओवरलोड और ओवरहाईट भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गई। विद्युत तार के संपर्क मेंआते ही ट्रॉली में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कुछ ही देर में ट्रॉली में लदी पूरी खोई धू-धू कर जलने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली शुगर मिल क्षेत्र से गुजर रही थी। ओवरलोड होने के कारण ट्रॉली में भरी खोई की ऊंचाई अधिक थी, जिससे वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। संपर्क होते ही चिंगारी निकली और सूखी खोई ने तुरंत आग पकड़ ली। आग की तेज लपटें उठने लगीं और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगते ही चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।जानकारी के अनुसार जल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को शुगर फैक्ट्री के यार्ड में ले जाकर खड़ा कर दिया गया, जिससे आग आसपास के क्षेत्र में नहीं फैल सकी। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया गया है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
सीतापुर बिसवां में हाईटेंशन लाइन से ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी आग ओवरहाइट भरी गन्ने की खोई जलकर राख, दमकल कर्मियों ने एक घंटे में बुझाई आग
Reviewed by dainik madhur india
on
6:47 AM
Rating:
Reviewed by dainik madhur india
on
6:47 AM
Rating:

No comments: