गीतों की गूंज से उठा नशा मुक्ति का संदेश, महिलाओं ने संभाली जागरूकता की कमान विश्व तंबाकू निषेध दिवस के पूर्व महिलाओं ने गीत-संगीत के माध्यम से दिया नशा मुक्ति का संदेश
गीतों की गूंज से उठा नशा मुक्ति का संदेश, महिलाओं ने संभाली जागरूकता की कमान
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के पूर्व महिलाओं ने गीत-संगीत के माध्यम से दिया नशा मुक्ति का संदेश
दैनिक मधुर इंडिया मोनू शर्मा दतिया।
दतिया - विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिलेभर में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सेवढ़ा नगर के वार्ड क्रमांक 01 दुबे मोहल्ला में महिलाओं द्वारा नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया गया। महिलाओं ने गीत-संगीत, जागरूकता गीतों एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियों के माध्यम से तंबाकू एवं अन्य नशे के दुष्प्रभावों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों, सामाजिक दुष्प्रभावों एवं आर्थिक नुकसान के प्रति जागरूक करना रहा। महिलाओं ने अपने संदेश में कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार एवं समाज की खुशहाली को भी नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने युवाओं एवं किशोरों से विशेष रूप से अपील की कि वे तंबाकू एवं अन्य नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन शैली अपनाएं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने सामूहिक रूप से नशा मुक्त सेवढ़ा बनाने का संकल्प लिया तथा वार्ड स्तर पर लगातार जागरूकता अभियान चलाने की बात कही। महिलाओं ने घर-घर जाकर लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करने एवं तंबाकू सेवन से होने वाले कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी सहित अन्य गंभीर रोगों की जानकारी देने का निर्णय लिया।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अंतर्गत वार्ड में जागरूकता रैली, सामूहिक शपथ, नुक्कड़ नाटक, संकल्प हस्ताक्षर अभियान एवं तंबाकू त्याग परामर्श गतिविधियों का आयोजन भी किया जा रहा है। स्थानीय महिलाओं ने कहा कि यदि समाज के प्रत्येक परिवार द्वारा नशा मुक्ति का संकल्प लिया जाए तो आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य प्रदान किया जा सकता है।
महिलाओं ने सभी नागरिकों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों एवं युवाओं से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही तंबाकू मुक्त एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने “तंबाकू छोड़ो–जीवन जोड़ो”, “नशा मुक्त हो हर परिवार, तभी बनेगा स्वस्थ समाज” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया इस अवसर पर नशा मुक्ति पंपलेट संकल्प, शपथ पत्र दिए गए और उपस्थित प्रतिभागियों को स्वल्पआहार कराया गया।
इस अवसर पर सोनिया दुबे, पूजा, गौरी, भूता रजक, अंजना व्यास, कृष्णा उपाध्याय, श्रद्धा, गौरी बाई, कांता बाई सहित वार्ड की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को लेकर वार्डवासियों में उत्साह देखा गया तथा महिलाओं की इस पहल की सराहना की गई।
गीतों की गूंज से उठा नशा मुक्ति का संदेश, महिलाओं ने संभाली जागरूकता की कमान विश्व तंबाकू निषेध दिवस के पूर्व महिलाओं ने गीत-संगीत के माध्यम से दिया नशा मुक्ति का संदेश
Reviewed by dainik madhur india
on
7:14 AM
Rating:
Reviewed by dainik madhur india
on
7:14 AM
Rating:

No comments: