बाल तस्करी पर प्रशासन का सख्त प्रहार, संगठित गिरोहों पर होगी कठोर कार्रवाई
दैनिक मधुर इंडिया अनुराग द्विवेदी जिला ब्यूरो चीफ
जालौन में बाल तस्करी और बाल श्रम के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में इस गंभीर मुद्दे पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में मानव तस्करी की रोकथाम, प्रभावी निगरानी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाल तस्करी और बाल श्रम समाज के लिए गंभीर चुनौती हैं, जिनसे निपटने के लिए सभी विभागों को समन्वित और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाना होगा। उन्होंने पुलिस, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, श्रम विभाग, बाल कल्याण समिति और प्रोबेशन विभाग के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया। साथ ही निर्देशित किया कि मुक्त कराए गए बच्चों का तत्काल चिकित्सीय परीक्षण कर उन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, ताकि उनके पुनर्वास, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की व्यवस्था हो सके।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि इस अपराध में शामिल संगठित गिरोहों, बिचौलियों और अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्कूलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए नियमित समीक्षा और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बाल तस्करी पर प्रशासन का सख्त प्रहार, संगठित गिरोहों पर होगी कठोर कार्रवाई
Reviewed by dainik madhur india
on
11:46 PM
Rating:
Reviewed by dainik madhur india
on
11:46 PM
Rating:

No comments: