भीषण आंधी-तूफान में प्रशासन अलर्ट: डीएम-एसपी पूरी रात सड़कों पर, राहत-बचाव कार्य तेज
दैनिक मधुर इंडिया अनुराग द्विवेदी जिला ब्यूरो चीफ
उरई/जालौन।
28 मई की रात आए भीषण आंधी-तूफान, तेज बारिश और बिजली कड़कने की घटना के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह पूरी रात फील्ड में डटे रहे और विभिन्न ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
आपदा की इस घड़ी में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की कमान संभाली और प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया तुरंत शुरू कर दी। दोनों अधिकारियों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल समेत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी जरूरी सेवाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार इस आपदा में दो लोगों की दुखद मृत्यु हुई है। शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा 7 लोग घायल हुए हैं, 23 पशुओं की मृत्यु हुई है तथा 45 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। प्रभावितों के लिए कुल 12.88 लाख रुपये से अधिक की राहत राशि प्रस्तावित की गई है।
जिलाधिकारी ने राजस्व, स्वास्थ्य, बिजली, पुलिस और नगर निकाय विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि तूफान से कई जगहों पर विद्युत पोल और लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनकी मरम्मत युद्धस्तर पर जारी है।
प्रशासन की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और अधिकारियों की पूरी रात सक्रिय मौजूदगी के चलते जनपद में स्थिति अब नियंत्रण में है, जबकि राहत एवं पुनर्वास कार्य लगातार जारी हैं।
भीषण आंधी-तूफान में प्रशासन अलर्ट: डीएम-एसपी पूरी रात सड़कों पर, राहत-बचाव कार्य तेज
Reviewed by dainik madhur india
on
4:12 AM
Rating:
Reviewed by dainik madhur india
on
4:12 AM
Rating:

No comments: