नगर परिषद बरगवां में आवास योजना में धांधली का आरोप, पात्र बैगा परिवार योजना से वंचित
दैनिक मधुर इंडिया।
अमलाई। नगर परिषद बरगवां (अमलाई) में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में बड़ी अनियमितता का मामला सामने आया है। क्षेत्र के अत्यंत पिछड़े और पात्र बैगा परिवारों ने कमिश्नर को पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि प्रशासन पात्र हितग्राहियों को नजरअंदाज कर अपात्रों को लाभ पहुँचा रहा है।
50 वर्षों से निवास, फिर भी आवास नहीं
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, वार्ड क्रमांक 01, 02 और 05 में बड़ी संख्या में बैगा परिवार पिछले 50 वर्षों से अपनी पुश्तैनी जमीन पर निवासरत हैं। इसके बावजूद उन्हें आज तक आवास योजना का लाभ नहीं मिला। जब ये परिवार नगर परिषद कार्यालय जाते हैं, तो उन्हें 'पट्टा' लाने का बहाना बनाकर खाली हाथ लौटा दिया जाता है।
अपात्रों और अवैध कब्जाधारियों को मिल रहा लाभ
आवेदन में गंभीर आरोप लगाते हुए बताया गया कि वार्ड क्रमांक 03 में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से काबिज लोगों को प्रशासन द्वारा भूमिहीन दर्शाकर आवास योजना की सूची में शामिल कर लिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि नियमों को ताक पर रखकर रसूखदारों और अपात्रों को आवास आवंटित किए जा रहे हैं, जबकि असल जरूरतमंद आज भी कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं।
जांच और कार्रवाई की मांग
लउरी बैगा, छोटे लाल बैगा और लल्ली बाई सहित अन्य पीड़ितों ने कमिश्नर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने मांग की है कि अपात्रों के नाम सूची से हटाकर पात्र बैगा परिवारों को तत्काल आवास योजना का लाभ दिलाया जाए ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
नगर परिषद बरगवां में आवास योजना में धांधली का आरोप, पात्र बैगा परिवार योजना से वंचित
Reviewed by dainik madhur india
on
10:21 AM
Rating:
Reviewed by dainik madhur india
on
10:21 AM
Rating:

No comments: