*CSR सामग्री खरीदी में अनियमितता की आशंका, पत्रकार ने कलेक्टर के नाम सौंपा जांच आवेदन*
दैनिक मधुर इंडिया राजगढ़
राजगढ़। जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा CSR मद से खरीदी गई सामग्री को लेकर संभावित अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। पत्रकार रामबाबु गौड़ ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा के नाम एक आवेदन अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान को सौंपा है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा CSR मद के तहत लगभग 1 करोड़ 26 लाख 37 हजार 800 रुपये की लागत से 350 सैमसंग 43 इंच टीवी, 350 पंखे, 350 पेन ड्राइव एवं 350 ग्रीन बोर्ड खरीदे गए हैं। पत्रकार द्वारा उपलब्ध दस्तावेजों के अध्ययन एवं सीमित स्तर पर की गई पड़ताल के आधार पर मामले में जांच की मांग की गई है।
रामबाबु गौड़ ने बताया कि उन्होंने जिले के 350 आंगनवाड़ी केंद्रों में से केवल 7 केंद्रों की भौतिक पड़ताल की। पड़ताल के दौरान संबंधित केंद्रों पर खरीदी गई सामग्री अपेक्षित रूप से उपलब्ध नहीं मिली। हालांकि उन्होंने आवेदन में स्पष्ट किया है कि यह पड़ताल सीमित संख्या के केंद्रों तक ही की गई है, इसलिए किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा, लेकिन उपलब्ध दस्तावेजों और सामने आए तथ्यों के आधार पर स्वतंत्र जांच आवश्यक प्रतीत होती है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्राप्त बिलों के अनुसार 2×3 आकार के ग्रीन बोर्ड 1977 रुपये प्रति नग की दर से खरीदे गए हैं, जबकि स्थानीय बाजार में समान आकार के ग्रीन बोर्ड की कीमत लगभग 600 रुपये प्रति नग बताई गई। इस संबंध में स्थानीय बाजार से प्राप्त जानकारी एवं अन्य दस्तावेज भी आवेदन के साथ संलग्न किए गए हैं।
आवेदन के माध्यम से सभी 350 आंगनवाड़ी केंद्रों का भौतिक सत्यापन कराने, खरीदी एवं वितरण से संबंधित अभिलेखों की जांच कराने, आवश्यकता पड़ने पर वित्तीय एवं तकनीकी ऑडिट कराने तथा वर्ष 2023 एवं 2024 में जिले को प्राप्त CSR निधि एवं उसके व्यय की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की गई है।
पत्रकार रामबाबु गौड़ ने कहा कि मामला सार्वजनिक धन एवं समाज के कमजोर वर्गों के हितों से जुड़ा हुआ है। ऐसे में पारदर्शिता एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके और यदि कोई अनियमितता हुई हो तो जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा के नाम संबोधित यह आवेदन अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान को सौंपा गया, जिन्होंने आवेदन प्राप्त कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रेषित करने की बात कही।
*CSR सामग्री खरीदी में अनियमितता की आशंका, पत्रकार ने कलेक्टर के नाम सौंपा जांच आवेदन*
Reviewed by dainik madhur india
on
9:12 AM
Rating:
Reviewed by dainik madhur india
on
9:12 AM
Rating:


No comments: