तमनार में बैंक प्रबंधक के कथित दुर्व्यवहार से ग्राहक परेशान, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर उठे सवाल*

*तमनार में बैंक प्रबंधक के कथित दुर्व्यवहार से ग्राहक परेशान, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर उठे सवाल*

 दैनिक मधुर इंडिया छत्तीसगढ़




तमनार, रायगढ़। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की ग्रामीण शाखा तमनार में बैंक ग्राहकों के साथ कथित रूप से असहयोगात्मक एवं अपमानजनक व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राहकों का आरोप है कि शाखा प्रबंधक का रवैया बैंक उपभोक्ताओं के प्रति तानाशाहीपूर्ण हो गया है, जिससे आम नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तमनार निवासी खुशबू साव द्वारा "तमनार गौ सुरक्षा एवं डेयरी फार्म" की स्थापना हेतु भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के अंतर्गत ऋण प्राप्त करने के लिए आवेदन किया गया था। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात आवेदक बैंक प्रबंधन द्वारा निर्धारित समय पर दिनांक 01 जून 2026 को आवेदन की हार्ड कॉपी लेकर शाखा पहुंचे।

आवेदक का आरोप है कि आवेदन प्रस्तुत करने के दौरान शाखा प्रबंधक द्वारा उन्हें प्रोत्साहित करने के बजाय अपमानजनक एवं निरुत्साहित करने वाली टिप्पणियां की गईं। आवेदक के अनुसार, ऋण आवेदन पर सकारात्मक मार्गदर्शन देने के स्थान पर उन्हें हतोत्साहित किया गया तथा ऋण स्वीकृति को लेकर नकारात्मक बातें कही गईं।

खुशबू साव का कहना है कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार हेतु वित्तीय सहायता प्रदान करना है। ऐसे में बैंक स्तर पर यदि हितग्राहियों को उचित सहयोग एवं मार्गदर्शन नहीं मिलता है, तो शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के उद्देश्यों की पूर्ति प्रभावित हो सकती है।

इसी प्रकार एक अन्य ग्राहक ने भी बैंकिंग सेवाओं में लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्राहक के अनुसार, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत उनके बैंक खाते को जन-धन खाते से सामान्य बचत खाते में परिवर्तित किया गया था, किन्तु कई बार शाखा का चक्कर लगाने के बावजूद लगभग छह माह तक पासबुक उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे ग्राहक को अपने खाते एवं ऋण संबंधी लेन-देन की जानकारी प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बैंक अधिकारी एवं कर्मचारियों का व्यवहार जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यदि पात्र हितग्राहियों को समय पर जानकारी, सहयोग एवं सम्मानजनक व्यवहार प्राप्त नहीं होगा, तो स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाली सरकारी योजनाओं की सफलता प्रभावित हो सकती है।

क्षेत्रवासियों ने संबंधित उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने तथा बैंकिंग सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं जनहितैषी बनाने की मांग की है।

बयान – खुशबू साव, बैंक ग्राहक, SBI तमनार

"मैंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत डेयरी फार्म स्थापना हेतु ऋण आवेदन किया था। बैंक से अपेक्षित मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त नहीं हुआ। मैं चाहता हूं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ सम्मानपूर्वक प्राप्त हो सके।"
तमनार में बैंक प्रबंधक के कथित दुर्व्यवहार से ग्राहक परेशान, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर उठे सवाल* तमनार में बैंक प्रबंधक के कथित दुर्व्यवहार से ग्राहक परेशान, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर उठे सवाल* Reviewed by dainik madhur india on 10:30 AM Rating: 5

No comments:

राष्ट्रीय दैनिक मधुर इंडिया 8 राज्यों में बढते कदम दैनिक अखबार मासिक पत्रिका यूट्यूब चैनल वेबपोर्टल

राष्ट्रीय दैनिक मधुर इंडिया 8 राज्यों में बढते कदम दैनिक अखबार मासिक पत्रिका यूट्यूब चैनल वेबपोर्टल
भारत देश में कही भी पत्रकारिता करने हेतु संपर्क करे संपादक प्रदीप मिश्रा-8770089979
Powered by Blogger.