जालौन को मिला आधुनिक स्विमिंग पूल, आज से इंदिरा स्टेडियम में शुरू होगी तैराकी
दैनिक मधुर इंडिया अनुराग द्विवेदी जिला ब्यूरो चीफ
उरई/जालौन। जनपद मुख्यालय स्थित इंदिरा स्टेडियम का नवीनीकृत अत्याधुनिक तरणताल पूरी तरह तैयार हो गया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने शनिवार को अंतिम निरीक्षण कर सुरक्षा, जल गुणवत्ता, फिल्ट्रेशन सिस्टम, चेंजिंग रूम, शौचालय, पाथवे, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर शनिवार से तरणताल के संचालन की अनुमति दे दी गई।
जल शक्ति मंत्री की निधि से कराए गए जीर्णोद्धार के बाद तरणताल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। परिसर का सौंदर्यीकरण किया गया है और खिलाड़ियों की जरूरतों के अनुरूप बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे अब जिले के तैराकों को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिलेगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संचालन के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा मानकों और नियमित रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं का विस्तार प्रशासन की प्राथमिकता है और आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित कर जालौन को खेल गतिविधियों का मजबूत केंद्र बनाया जा रहा है। तरणताल के शुरू होने से खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और युवाओं को लंबे समय से प्रतीक्षित आधुनिक सुविधा मिल सकेगी। निरीक्षण के दौरान जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान सहित आरईएस के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जालौन को मिला आधुनिक स्विमिंग पूल, आज से इंदिरा स्टेडियम में शुरू होगी तैराकी
Reviewed by dainik madhur india
on
6:51 AM
Rating:
Reviewed by dainik madhur india
on
6:51 AM
Rating:

No comments: