किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत “खेत बचाओ अभियान” विषयक कृषक संगोष्ठी आयोजित*

*किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत “खेत बचाओ अभियान” विषयक कृषक संगोष्ठी आयोजित*                     

दैनिक मधुर इंडिया हेमराज वर्मा राजगढ़         




खुजनेर, जिला राजगढ़ | दिनांक 03 जून 2026
किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत “खेत बचाओ अभियान” के तहत नगर परिषद सभागृह, खुजनेर, जिला राजगढ़ में कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं प्राकृतिक/जैविक खेती से संबंधित विभिन्न विषयों पर किसानों को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक अमर सिंह यादव ने किसानों को संबोधित करते हुए कम लागत, सही खाद एवं सही सलाह के माध्यम से कृषि उत्पादन बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने संतुलित उर्वरक उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उप संचालक कृषि सचिन जैन द्वारा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, किसान हितैषी कार्यक्रमों एवं “खेत बचाओ अभियान” के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। उन्होंने किसानों को बताया कि उर्वरकों के संतुलित उपयोग से भूमि की उर्वराशक्ति बनाए रखने के साथ-साथ उत्पादन लागत में भी कमी लाई जा सकती है। साथ ही किसानों को ई-विकास प्रणाली के अंतर्गत टोकन व्यवस्था के माध्यम से उर्वरक प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि टोकन प्रणाली से किसानों को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से निर्धारित समय पर उर्वरक उपलब्ध हो सकेगा तथा अनावश्यक भीड़ एवं प्रतीक्षा की समस्या से बचा जा सकेगा।

कृषि विज्ञान केन्द्र, राजगढ़ के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. एस.के. कौशिक द्वारा मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, उन्नत कृषि तकनीकों एवं फसल उत्पादकता वृद्धि के उपायों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

उद्यानिकी विभाग से राहुल पाटीदार द्वारा फल, सब्जी एवं मसाला फसलों के उत्पादन तथा विभागीय अनुदान योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। वहीं पशुपालन विभाग के अधिकारियों द्वारा पशुधन विकास, दुग्ध उत्पादन वृद्धि एवं विभागीय योजनाओं के संबंध में किसानों को अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में उन्नतशील कृषक सारंगपुर के सतीश बैस एवं घोघटपुर के श्रीलाल जी सहित अन्य प्रगतिशील कृषकों द्वारा प्राकृतिक एवं जैविक खेती के अपने अनुभव साझा किए गए। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक एवं जैविक खेती से भूमि की उर्वराशक्ति में वृद्धि होती है, उत्पादन लागत में कमी आती है तथा पर्यावरण संरक्षण में भी सहायता मिलती है। कृषकों ने अपने अनुभव बताते हुए सभी किसान भाइयों से आग्रह किया कि वे अपने खेत के एक छोटे क्षेत्र से प्राकृतिक एवं जैविक खेती की शुरुआत करें तथा प्राप्त परिणामों के आधार पर धीरे-धीरे इसका क्षेत्रफल बढ़ाएं। उन्होंने प्राकृतिक खेती को भविष्य की टिकाऊ एवं लाभकारी कृषि पद्धति बताते हुए किसानों को इसके प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं प्राकृतिक खेती से संबंधित विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकगण, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्र के बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी विशाल भालसे द्वारा उप संचालक कृषि सचिन जैन के मार्गदर्शन में किया गया।
किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत “खेत बचाओ अभियान” विषयक कृषक संगोष्ठी आयोजित* किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत “खेत बचाओ अभियान” विषयक कृषक संगोष्ठी आयोजित* Reviewed by dainik madhur india on 11:31 AM Rating: 5

No comments:

राष्ट्रीय दैनिक मधुर इंडिया 8 राज्यों में बढते कदम दैनिक अखबार मासिक पत्रिका यूट्यूब चैनल वेबपोर्टल

राष्ट्रीय दैनिक मधुर इंडिया 8 राज्यों में बढते कदम दैनिक अखबार मासिक पत्रिका यूट्यूब चैनल वेबपोर्टल
भारत देश में कही भी पत्रकारिता करने हेतु संपर्क करे संपादक प्रदीप मिश्रा-8770089979
Powered by Blogger.