तेंदुए का आतंक: घर से बुजुर्ग को घसीटकर जंगल ले गया तेंदुआ, मौत के बाद गांव में दहशत

तेंदुए का आतंक: घर से बुजुर्ग को घसीटकर जंगल ले गया तेंदुआ, मौत के बाद गांव में दहशत

जिला संवाददाता गणेश तिवारी एमसीबी छत्तीसगढ़ 




मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर ---जिले के कुंवारपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोंगरीटोला (चाँटी) में मंगलवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव में घुसे एक तेंदुए ने घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग कुवारे पिता बोड्डा पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। सुबह ग्रामीणों को बुजुर्ग का शव जंगल किनारे क्षत-विक्षत हालत में मिला। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों के अनुसार बीती रात अचानक गांव में जानवरों के चीखने और लोगों के शोर की आवाज सुनाई दी। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तेंदुआ बुजुर्ग को अपने कब्जे में लेकर जंगल की ओर भाग चुका था। ग्रामीणों ने मशाल और टॉर्च लेकर खोजबीन शुरू की, लेकिन रात के अंधेरे में सफलता नहीं मिल सकी। सुबह तलाश के दौरान जंगल में बुजुर्ग का शव बरामद हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही कुंवारपुर थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी कमलेश देवांगन ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की। वहीं वन विभाग द्वारा तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि करते हुए आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से जंगली जानवरों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, लेकिन वन विभाग द्वारा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। लोगों ने वन विभाग से गांव में गश्त बढ़ाने, पिंजरा लगाने और प्रभावित परिवार को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है।

घटना के बाद डोंगरीटोला सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीण रात में घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि रात के समय अकेले बाहर न निकलें, घरों के आसपास रोशनी रखें और किसी भी जंगली जानवर की सूचना तुरंत विभाग को दें। फिलहाल वन अमला तेंदुए की तलाश में जुटा हुआ है।
तेंदुए का आतंक: घर से बुजुर्ग को घसीटकर जंगल ले गया तेंदुआ, मौत के बाद गांव में दहशत तेंदुए का आतंक: घर से बुजुर्ग को घसीटकर जंगल ले गया तेंदुआ, मौत के बाद गांव में दहशत Reviewed by dainik madhur india on 7:30 AM Rating: 5

No comments:

राष्ट्रीय दैनिक मधुर इंडिया 8 राज्यों में बढते कदम दैनिक अखबार मासिक पत्रिका यूट्यूब चैनल वेबपोर्टल

राष्ट्रीय दैनिक मधुर इंडिया 8 राज्यों में बढते कदम दैनिक अखबार मासिक पत्रिका यूट्यूब चैनल वेबपोर्टल
भारत देश में कही भी पत्रकारिता करने हेतु संपर्क करे संपादक प्रदीप मिश्रा-8770089979
Powered by Blogger.