नगर परिषद बरगवां: स्वच्छता के सिपाहियों का हक डकार रहा ठेकेदार, सिस्टम मौन भविष्य निधि और बीमा से वंचित 80 सफाई कर्मी धरने पर; क्या भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है गरीबों की गाढ़ी कमाई दैनिक मधुर इंडिया।बरगवां
नगर परिषद बरगवां: स्वच्छता के सिपाहियों का हक डकार रहा ठेकेदार, सिस्टम मौन
भविष्य निधि और बीमा से वंचित 80 सफाई कर्मी धरने पर; क्या भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है गरीबों की गाढ़ी कमाई
दैनिक मधुर इंडिया।बरगवां
बरगवां/अमलाई। नगर परिषद बरगवां में स्वच्छता अभियान के दावों की पोल एक बार फिर खुल गई है। शहर को साफ रखने वाले सफाई कर्मी खुद व्यवस्था की गंदगी का शिकार हो रहे हैं। आउटसोर्स ठेकेदार की मनमानी और स्थानीय प्रशासन की कथित 'जुगलबंदी' के खिलाफ लगभग 80 सफाई कर्मी अपने भविष्य की सुरक्षा को लेकर नगर परिषद के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं।
तीन साल का सेवाकाल, पर लाभ शून्य
पिछले तीन वर्षों से निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे इन कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें शासन द्वारा निर्धारित भविष्य निधि (PF) और राज्य कर्मचारी बीमा (ESI) का लाभ नहीं मिल रहा है। दो साल बीत जाने के बाद भी उनके खातों में पीएफ की राशि जमा नहीं की गई है, जो सीधे तौर पर श्रम नियमों का उल्लंघन है।
अधिकारी और अध्यक्ष की चुप्पी पर सवाल
हैरानी की बात यह है कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) और परिषद अध्यक्ष इस पूरे मामले में मूकदर्शक बने हुए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि ठेकेदार अनुबंध की शर्तों का खुला उल्लंघन कर रहा है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने अब तक ठेकेदार पर कोई ठोस कार्रवाई या हस्तक्षेप नहीं किया है। शिकायत के बावजूद जिला प्रशासन और स्थानीय निकाय इस संवेदनशील मुद्दे को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
सफाई व्यवस्था ठप होने की चेतावनी
धरने पर बैठे सफाई कर्मियों ने दो-टूक शब्दों में कहा है कि यदि उनकी जायज मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो वे काम बंद कर देंगे। यदि ऐसा होता है, तो शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा सकती है, जिसकी जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन की होगी।
गरीबों का हक डकारने वाले ठेकेदार और उसे संरक्षण देने वाले अधिकारियों की मिलीभगत के कारण आज 80 परिवार असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। यह सिर्फ एक धरना नहीं, बल्कि न्याय की पुकार है।
नगर परिषद बरगवां: स्वच्छता के सिपाहियों का हक डकार रहा ठेकेदार, सिस्टम मौन भविष्य निधि और बीमा से वंचित 80 सफाई कर्मी धरने पर; क्या भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है गरीबों की गाढ़ी कमाई दैनिक मधुर इंडिया।बरगवां
Reviewed by dainik madhur india
on
10:46 AM
Rating:
Reviewed by dainik madhur india
on
10:46 AM
Rating:

No comments: